डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्गों से अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स की बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों से अतिक्रमण हटाने, अवैध पार्किंग रोकने और सड़क सुरक्षा उपायों की समीक्षा की गई। जनपद के छह राष्ट्रीय राजमार्गों पर चिन्हित 359 अतिक्रमणों में से 92 हटाए जा चुके हैं, जबकि शेष 267 पर कार्रवाई जारी है।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को विशेष अभियान चलाकर सभी अतिक्रमण जल्द हटाने, अवैध पार्किंग पर प्रभावी नियंत्रण तथा नए अतिक्रमण रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और भविष्य में कब्जा न होने देने पर भी जोर दिया। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों पर दिशा-सूचक संकेतक, चेतावनी बोर्ड, क्रैश बैरियर और रिफ्लेक्टिव टेप जैसी सड़क सुरक्षा व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से स्थापित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
