मुख्यमंत्री की मॉनिटरिंग में तेज हुए पुनर्निर्माण कार्य, मालदेवता में बहाल हुआ आवागमन


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सतत मार्गदर्शन एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशन में मालदेवता, सौड़ा सरौली और आसपास के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत, पुनर्निर्माण और सुरक्षा कार्य तेजी से संचालित किए जा रहे हैं। हाल की भारी वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों, सुरक्षा दीवारों और नदी तटों के संरक्षण कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा किया जा रहा है, जिससे अधिकांश मार्गों पर सुरक्षित आवागमन बहाल हो गया है।
प्रशासन द्वारा सुरक्षा दीवारों, जालों और अन्य सुरक्षात्मक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं, सोंग नदी के बढ़े जलस्तर से क्षतिग्रस्त हुई मालदेवता की कलिंगा नहर का सिंचाई विभाग ने पुनर्निर्माण पूरा कर लिया है, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए फिर से पर्याप्त पानी मिलने लगा है। नदी के चौनलाइजेशन का कार्य भी पोकलैंड और जेसीबी मशीनों से जारी है। अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा ने बताया कि पीएमजीएसवाई, लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग ने समन्वय के साथ अधिकांश पुनर्स्थापन कार्य पूरे कर लिए हैं। जिला प्रशासन मानसून के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी कर जनसुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!