459 करोड़ की परियोजना से एचएनबी गढ़वाल विवि को मिलेगा आधुनिक अनुसंधान ढांचा

नई दिल्ली/देहरादून। उत्तराखंड के उच्च शिक्षा, विद्यालयी शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी से शिष्टाचार भेंट कर राज्य के उच्च शिक्षा संस्थानों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। बैठक में एचएनबी गढ़वाल (केंद्रीय) विश्वविद्यालय में 459.095 करोड़ रुपये की लागत से शैक्षणिक एवं अनुसंधान अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने की परियोजना प्रमुख विषय रही।
डॉ. रावत ने बताया कि उच्च शिक्षा वित्तपोषण एजेंसी के तहत प्रस्तावित यह परियोजना विश्वविद्यालय में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं, अनुसंधान और नवाचार को नई गति देगी। इससे छात्र-छात्राओं, शोधार्थियों, शिक्षकों और प्रदेश के शिक्षा क्षेत्र को व्यापक लाभ मिलेगा। बैठक में डॉ. रावत ने केंद्रीय मंत्री को एनआईटी श्रीनगर (गढ़वाल) के नवनिर्मित परिसर के लोकार्पण के लिए आमंत्रित किया। साथ ही संस्थान में स्थायी निदेशक की शीघ्र नियुक्ति, परिसर में जलभराव की समस्या के समाधान तथा प्रभावित छह परिवारों के विस्थापन एवं पुनर्वास के लिए सहयोग का अनुरोध भी किया। केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्तराखंड की उपलब्धियों की सराहना करते हुए राज्य के पूर्ण साक्षर बनने तथा यूनेस्को एआई फॉर एजुकेशन अवार्ड-2026 में एससीईआरटी उत्तराखंड की परियोजना के विश्व की शीर्ष छह परियोजनाओं में शामिल होने पर डॉ. धन सिंह रावत और राज्य सरकार को बधाई दी।
