पुलिस ने चोरी के शातिर गिरोह का किया पर्दाफाश, सरगना समेत तीन गिरफ्तार


कोटद्वार/पौड़ी गढ़वाल। कोटद्वार पुलिस ने घरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सोने-चांदी की ज्वैलरी, अन्य सामान, वारदात में प्रयुक्त स्कूटी और चोरी के औजार बरामद किए गए हैं।
3 अगस्त को कोटद्वार निवासी प्राची रावत की शिकायत पर दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 5 अगस्त को राहत अली, अरुण और रिहान को गिरफ्तार किया। बरामदगी में सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी, दो चांदी की चेन, तीन जोड़ी पाजेब, सूटकेस, कपड़े, स्कूटी तथा सब्बल, प्लास, पेचकस, बोल्ट लीवर और कटर शामिल हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह का सरगना राहत अली पहले घरों की कई दिनों तक रेकी करता था। वारदात के दौरान अरुण और रिहान निगरानी करते थे, जबकि राहत अली घर में घुसकर चोरी करता था। चोरी का सामान बेचकर प्राप्त रकम का उपयोग तीनों आरोपी नशे की लत पूरी करने में करते थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!