टिहरी झील रिंग रोड परियोजना पर जनसुनवाई, 13 आपत्तियां दर्ज

टिहरी। टिहरी झील रिंग रोड परियोजना के लिए भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन से संबंधित जनसुनवाई के दूसरे दिन बुधवार को डोबरा-चांठी पुल के समीप अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। जनसुनवाई में नौ प्रभावित गांवों के 50 कास्तकार शामिल हुए, जिनमें 13 ने अपनी आपत्तियां और सुझाव दर्ज कराए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि सभी आपत्तियों का निस्तारण भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन अधिनियम-2013 के प्रावधानों के तहत निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
