राहुल गांधी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया कांग्रेस कार्यालय घेराव
सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर राहुल गांधी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कैबिनेट मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके हालिया राजनीतिक कदमों की आलोचना की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए महेंद्र भट्ट ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास का घेराव करने का प्रयास अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के पद पर रहते हुए उन्हें लोकतांत्रिक मर्यादाओं और संवैधानिक परंपराओं का पालन करना चाहिए। उनके अनुसार कांग्रेस विरोध की आड़ में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है, जिसका भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से विरोध कर रही है। महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि भाजपा का विरोध पूरी तरह संवैधानिक दायरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस युवाओं को गुमराह करने और समाज में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन उसकी आड़ में अव्यवस्था फैलाना उचित नहीं है। भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे मामलों पर मुखर होकर अपनी बात रखती रहेगी।
प्रदर्शन में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, ज्योति प्रसाद गैरोला, कैबिनेट मंत्री एवं विधायक खजान दास, विधायक सविता कपूर, सहदेव सिंह पुंडीर, बृजभूषण गैरोला, महिला मोर्चा अध्यक्ष रुचि भट्ट, युवा मोर्चा अध्यक्ष विपुल मंदौली सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!