24 घंटे में चोरी का खुलासा, मशीनों समेत आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / मोहन सिंह राणा,
उत्तरकाशी। ऑपरेशन प्रहार के तहत उत्तरकाशी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन भवन से मशीनें चोरी करने के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। ज्ञानसू निवासी महिला की शिकायत पर कोतवाली उत्तरकाशी में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सुरागरसी के आधार पर आरोपी अजय कुमार (29) को साल्ड बैण्ड क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की गई एक कटर मशीन, एक ग्राइंडर मशीन और एक वेल्डिंग मशीन बरामद की गई। पुलिस के अनुसार घटना में एक अन्य आरोपी की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी तलाश जारी है। कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
