मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना से महेश कुमार बने सफल उद्यमी, युवाओं के लिए बने प्रेरणा


पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। कोटद्वार निवासी महेश कुमार इसकी प्रेरक मिसाल हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान उनका रेस्टोरेंट बंद हो गया था और आर्थिक संकट के चलते भविष्य अनिश्चित नजर आने लगा था। लेकिन मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना ने उन्हें फिर से खड़े होने का अवसर दिया।
महेश कुमार ने वर्ष 2022 में जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार के माध्यम से योजना के तहत 10 लाख रुपये का ऋण प्राप्त किया। इस वित्तीय सहायता और विभागीय मार्गदर्शन से उन्होंने आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया रेस्टोरेंट शुरू किया। आज उनका व्यवसाय सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है और वार्षिक कारोबार 90 लाख से एक करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। उनके प्रतिष्ठान से स्थानीय युवाओं को भी रोजगार मिल रहा है। महेश कुमार का कहना है कि यदि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना का सहयोग और जिला उद्योग केंद्र का मार्गदर्शन नहीं मिलता तो कोविड के बाद दोबारा व्यवसाय शुरू करना संभव नहीं हो पाता। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उन्हें आर्थिक सहायता के साथ आत्मविश्वास भी दिया।
महाप्रबंधक उद्योग सोमनाथ गर्ग ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में पौड़ी गढ़वाल लगातार तीन वर्षों से प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। प्रत्येक वर्ष शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया गया है। चालू वित्तीय वर्ष में 725 लाभार्थियों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि योजना के माध्यम से जिम, रेस्टोरेंट, टैक्सी, ई-रिक्शा, फोटोग्राफी और लघु उद्योग जैसे अनेक स्वरोजगार स्थापित हुए हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!