महापौर की पहल लाई रंग, बार्बर दुकानों से यूज्ड ब्लेड का वैज्ञानिक संग्रहण शुरू
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,

श्रीनगर गढ़वाल। स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 के तहत श्रीनगर नगर निगम ने उत्तराखंड में पहली बार बार्बर (नाई) दुकानों से उपयोग की गई ब्लेडों के सुरक्षित संग्रहण और वैज्ञानिक निस्तारण की अभिनव व्यवस्था शुरू की है। महापौर आरती भंडारी की पहल पर एक माह पूर्व नगर क्षेत्र की सभी बार्बर दुकानों को विशेष ब्लेड बिन उपलब्ध कराए गए थे। बुधवार को पहली बार इन दुकानों से यूज्ड ब्लेड एकत्र कर वैज्ञानिक निस्तारण के लिए भेजी गईं।
अब तक इस्तेमाल की गई ब्लेड सामान्य कूड़े में फेंक दी जाती थीं, जिससे स्वच्छता कर्मियों के घायल होने, पशुओं को नुकसान पहुंचने और पर्यावरण प्रदूषण का खतरा बना रहता था। नई व्यवस्था के तहत ब्लेडों का अलग संग्रहण और सुरक्षित निस्तारण किया जाएगा, जिससे सार्वजनिक स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
महापौर आरती भंडारी ने कहा कि नगर निगम स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने के लिए लगातार नवाचार कर रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में पहली बार बार्बर दुकानों से यूज्ड ब्लेड का पृथक संग्रहण शुरू किया गया है, जो शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही स्वच्छ और सुंदर श्रीनगर का सपना साकार होगा।
नगर आयुक्त नुपुर वर्मा ने कहा कि नगर निगम ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में नवाचार को प्राथमिकता दे रहा है। इस पहल से खतरनाक अपशिष्ट सामान्य कूड़े में नहीं जाएगा, जिससे स्वच्छता कर्मियों, आम नागरिकों और पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। उन्होंने बार्बर दुकानदारों के सहयोग के लिए आभार भी जताया। मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार ने बताया कि नगर निगम प्रत्येक माह बार्बर दुकानों से उपयोग की गई ब्लेड एकत्र कर उनका वैज्ञानिक निस्तारण करेगा। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था पर्यावरण प्रदूषण रोकने के साथ स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाएगी। उन्होंने सभी बार्बरों से इस अभियान में निरंतर सहयोग की अपील की। नगर निगम की इस पहल को स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 के तहत एक मॉडल पहल माना जा रहा है। यदि यह अभियान सफल रहता है तो भविष्य में उत्तराखंड के अन्य नगर निकाय भी इसे अपनाकर खतरनाक अपशिष्ट प्रबंधन को और बेहतर बना सकेंगे। इस अवसर पर सफाई निरीक्षक अर्जुन मुंगेरिया, नगर निगम के कर्मचारी एवं पर्यावरण मित्र भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!