डीएम ने दिए हेमकुण्ड रोपवे सहित प्रमुख परियोजनाओं के भूमि हस्तांतरण में तेजी लाने के निर्देश

चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बुधवार को पिटकुल, हेमकुण्ड रोपवे, बीआरओ, एनएचआईडीसीएल, यूएसडीए और लोक निर्माण विभाग की भूमि हस्तांतरण परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। हेमकुण्ड रोपवे परियोजना का लिडार सर्वे और गोविंदघाट-घांघरिया अलाइनमेंट पूरा होने की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने भूमि अधिग्रहण की प्रगति से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने सितंबर तक फील्ड सर्वे पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पिटकुल और टीएचडीसी की संयुक्त बैठक कर हाटसारी प्रकरण में तेजी लाने तथा नंदप्रयाग भूमि हस्तांतरण प्रस्ताव 10 दिन में प्रस्तुत करने को कहा। बीआरओ की विभिन्न सड़क परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण और मुआवजा निर्धारण प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए सीमांकन, अभिलेख और अन्य औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।
