गंगा संरक्षण को लेकर डीएम सख्त, बिना शोधन सीवेज और प्लास्टिक रोकने के निर्देश

चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक में गंगा एवं उसकी सहायक नदियों के संरक्षण को लेकर संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक और ठोस अपशिष्ट को गंगा की मुख्य धारा तक पहुंचने से पहले ही रोका जाए तथा बिना शोधन का कोई भी सीवेज नदी में न जाने पाए।
बैठक में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की समीक्षा करते हुए नए एसटीपी के लिए प्रस्ताव तैयार करने, सभी प्लांटों की नियमित निगरानी, सीसीटीवी और ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम लगाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, सेप्टिक टैंक अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण तथा गंगा की सहायक नदियों में प्लास्टिक रोकने के लिए आवश्यक संरचनाएं विकसित करने पर भी जोर दिया।
