नकली सोने से लाखों की ठगी करने वाले तीन शातिर गिरफ्तार, छह लाख नकद और चार सोने की चेन बरामद
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
पौड़ी/कोटद्वार। पौड़ी पुलिस ने नकली सोने के आभूषणों के जरिए ज्वैलर्स से लाखों रुपये की ठगी करने वाले तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6 लाख रुपये नकद और चार सोने की चेन बरामद की हैं। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
कोटद्वार निवासी ज्वैलर विभाष अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी पहले असली सोने की अंगूठी गिरवी रखकर भरोसा जीतता रहा। बाद में बेटी की शादी का बहाना बनाकर सोने के पेंडल के बदले तैयार आभूषण और 8 लाख रुपये नकद ले गया। जांच में पेंडल नकली निकले और आरोपी फरार हो गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर गठित टीम ने करीब ’’170 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज’’, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच की। पुलिस ने राजस्थान निवासी ’’रघुवीर नायक, विक्रम भोपा और बलवीर नायक’’ को कोटद्वार रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से ठगी की रकम में से ’’6 लाख रुपये और चार सोने की चेन’’ बरामद हुईं। एक अन्य आरोपी ’’नीरज’’ की तलाश जारी है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी पहले असली सोने के आभूषण गिरवी रखकर ज्वैलर्स का विश्वास जीतते थे। कई बार लेन-देन के बाद वे सोने की परत चढ़े नकली आभूषण देकर उसके बदले असली ज्वैलरी और नकदी लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी कोटद्वार के अलावा अन्य ज्वैलर्स को भी निशाना बनाने की तैयारी में थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!