भूमि अर्जन पर जनसुनवाई, प्रभावितों की सुनी गईं आपत्तियां

टिहरी। टिहरी झील के चारों ओर प्रस्तावित रिंग रोड परियोजना के लिए भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन से संबंधित जनसुनवाई मंगलवार को उप तहसील मदननेगी में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। जनसुनवाई में प्रतापनगर क्षेत्र के नौ गांवों के 38 प्रभावित काश्तकार शामिल हुए, जिनमें से 17 काश्तकारों ने अपनी आपत्तियां और सुझाव दर्ज कराए। प्रशासन ने सभी मामलों के निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण का भरोसा दिया।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को परियोजना एवं भूमि अर्जन से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने बताया कि जनसुनवाई का दूसरा चरण 22 जुलाई को डोबरा-चांठी पुल के समीप आयोजित होगा, जिसमें शेष नौ गांवों के प्रभावित काश्तकारों की आपत्तियां सुनी जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण योजना है और प्रत्येक प्रभावित परिवार की बात गंभीरता से सुनी जाएगी।
