डोईवाला चोरी कांड का 12 घंटे में खुलासा, मामा-भांजे गिरफ्तार

देहरादून। पुलिस ने डोईवाला क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मामा-भांजे की जोड़ी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने अपने ही घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई ज्वैलरी और 2500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
कोतवाली डोईवाला में रेशम माजरी निवासी मोनिका गोस्वामी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बद्रीनाथ धाम यात्रा से लौटने पर घर की अलमारी में रखी ज्वैलरी और नकदी गायब मिली। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने फतेहपुर टांडा क्षेत्र से वादिनी के पुत्र चिराग बोरा (18) और भाई अमित सिंह नेगी (37) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की बात कबूल की। अमित नेगी ने नशे की लत और चिराग ने ऑनलाइन गेमिंग व गैम्बलिंग की लत पूरी करने के लिए वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
