पटेलनगर में वाहन चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। पुलिस ने पटेलनगर क्षेत्र में हुई मोटरसाइकिल चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई होंडा शाइन मोटरसाइकिल (यूके-07-बीडी-6754) बरामद की है।
शाह एवेन्यू, क्लेमेंटटाउन निवासी युवक की शिकायत पर थाना पटेलनगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर हरभजवाला क्षेत्र से आरोपी निखिल उर्फ सोनू (21) निवासी तरला आमवाला, रायपुर रोड को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
