कैबिनेट मंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन

देहरादून। संयुक्त नागरिक संगठन के पदाधिकारियों ने समाज कल्याण मंत्री खजान दास से मुलाकात कर वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं और सुझावों को रखा। प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण और कल्याण नियमावली 2011 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य व जिला स्तर पर समितियां गठित करने की मांग की।
मंत्री खजान दास ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। जल्द ही जिलास्तर पर अधिकारियों के साथ बैठक कर समिति गठन और स्वास्थ्य, सुरक्षा, पेंशन व अन्य सुविधाओं की समीक्षा की जाएगी। बैठक में वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता और सम्मानजनक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
