केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा, सुरक्षा और स्वच्छता पर सख्त निर्देश

रूद्रप्रयाग। गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय और आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने रुद्रप्रयाग पहुंचकर श्री केदारनाथ धाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में नोडल अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और व्यापार मंडल पदाधिकारियों के साथ यात्रा संचालन, सुरक्षा और सुविधाओं पर चर्चा हुई।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि अब तक 3 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। 31 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को चिकित्सा सुविधा और 11 हजार से अधिक यात्रियों को हेली सेवा का लाभ मिला है। 8 हजार से अधिक घोड़ा-खच्चरों का पंजीकरण और बीमा भी किया गया है। आयुक्त ने यात्रा मार्ग पर शौचालयों की नियमित सफाई, पर्याप्त कार्मिक तैनाती, पानी व सफाई सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। हेली टिकट निर्धारित दरों पर ही बेचने, फायर ऑडिट कराने और अग्निशमन उपकरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। सुरक्षा के तहत रात्रि 10 बजे से सुबह 4 बजे तक यात्रा मार्ग पर यात्री वाहनों और पैदल आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सड़क, पार्किंग, शौचालय और साइन बोर्ड संबंधी सुझाव दिए, जिन पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुगम यात्रा संचालन सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
