शंकर मठ मंदिर में स्वच्छता अभियान, पौराणिक महत्व की जानकारी साझा

श्रीनगर गढ़वाल। प्राचीन शंकर मठ मंदिर परिसर में भागीरथी कला संगम द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। सुबह शुरू हुए अभियान में संस्था के सदस्यों ने करीब ढाई घंटे श्रमदान कर मंदिर और आसपास के क्षेत्र की सफाई की। मंदिर महंत महादेव प्रसाद उनियाल ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था वर्षों से शहर के धार्मिक स्थलों, पार्कों और नदी तटों पर स्वच्छता कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान पुजारी गोविंद उनियाल ने शंकर मठ मंदिर के धार्मिक, ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मंदिर में काले शालिग्राम पत्थर से निर्मित लक्ष्मी नारायण की प्राचीन मूर्तियां स्थापित हैं और यह स्थल सुदर्शन चक्र से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं का केंद्र है। कार्तिक मास में यहां दीपदान और मेले की परंपरा विशेष महत्व रखती है। अंत में समिति अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद बर्थवाल ने सभी प्रतिभागियों का आभार जताया।
