रुद्रप्रयाग जन संवाद में 21 शिकायतें दर्ज, 8 का मौके पर समाधान

रुद्रप्रयाग। जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा की अध्यक्षता में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी 21 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 8 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया।
कार्यक्रम में सड़क, पेयजल, राशन कार्ड, पेंशन, गैस आपूर्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना और आपदा मुआवजे जैसी समस्याएं प्रमुख रहीं। ग्राम प्रधानों और स्थानीय लोगों ने क्षेत्रीय समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और गंभीरता से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायत निस्तारण में लापरवाही या अनावश्यक देरी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सीएम पोर्टल समीक्षा के दौरान एल-1 स्तर पर 132 और एल-2 स्तर पर 21 शिकायतें लंबित पाई गईं, जिनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी और शिकायतकर्ता मौजूद रहे।
