नए सहकारी बैंक खोलने के लिए आरबीआई को भेजे जाएंगे प्रस्ताव: डॉ. धन सिंह


देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के लिए बड़े सुधारों का खाका तैयार किया जा रहा है। इसके तहत तीन जनपदों में नए जिला सहकारी बैंक खोलने और 50 नई शाखाएं स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) को शीघ्र प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
डॉ. रावत ने अपने शासकीय आवास पर आयोजित समीक्षा बैठक में बागेश्वर, चंपावत और रुद्रप्रयाग में नए सहकारी बैंक खोलने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने के लिए 50 नई शाखाएं खोलने के निर्देश भी दिए। बैठक में पिछले दो वर्षों में जिला सहकारी बैंकों के प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए उन्होंने नाराजगी जताई और लक्ष्य आधारित कार्य प्रणाली अपनाने को कहा। उन्होंने प्राथमिक कृषि ऋण समितियों के कंप्यूटरीकरण को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए ताकि पारदर्शिता और दक्षता बढ़े। इसके अलावा सहकारी कर्मियों के लिए बीमा सुविधा, समयबद्ध पदोन्नति और वार्षिक स्थानांतरण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। डॉ. रावत ने कहा कि सहकारिता ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और सरकार इसे मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!