बाबा विश्वनाथ-मां जगदीश शीला की 27वीं डोली रथ यात्रा का किया भव्य स्वागत

पछवादून/देहरादून। बाबा श्री विश्वनाथ एवं मां जगदीश शीला की 27वीं डोली रथ यात्रा का पछवादून क्षेत्र में जगह-जगह फूल मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया गया। हनुमत धाम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में यात्रा संयोजक एवं पूर्व मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने कहा कि यह डोली यात्रा सभी धर्मों को जोड़ने और देव संस्कृति को आगे बढ़ाने का कार्य करती है। उन्होंने उत्तराखंड को पर्यटन नहीं बल्कि तीर्थाटन प्रदेश बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
नैथानी ने कहा कि 27 वर्षों से यह यात्रा निरंतर चल रही है और उनका प्रयास है कि हनुमत धाम को उत्तराखंड के धार्मिक नक्शे पर प्रमुख स्थान मिले। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य विश्व शांति, खुशहाली, देव संस्कृति एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री नव प्रभात ने भी यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि नैथानी का प्रयास सराहनीय है जो प्रदेशभर में संस्कृति का संदेश दे रहा है। डोली संयोजक विकास शर्मा ने सभी लोगों का स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों की उपस्थिति रही, जिसमें कई सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
