क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल ने किया कालागढ़ थाने का निरीक्षण

पौड़ी। कोटद्वार क्षेत्र में क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल ने शनिवार को थाना कालागढ़ का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, भोजनालय, कर्मचारी बैरक और परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया।
उन्होंने मालखाने और सरकारी संपत्ति का निरीक्षण कर लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण तथा परिसर में खड़े वाहनों को हटाने के निर्देश दिए। सीसीटीएनएस पोर्टल और अन्य ऑनलाइन अभिलेखों की भी जांच की गई। साथ ही थाने में उपलब्ध शस्त्रों की स्थिति देखी गई और उनके नियमित रखरखाव व साफ-सफाई के निर्देश दिए गए। क्षेत्राधिकारी ने कर्मचारियों को अनुशासन, स्वच्छता और बेहतर टर्नआउट बनाए रखने पर जोर दिया। निरीक्षण के बाद कार्मिक सम्मेलन में उनकी समस्याएं सुनी गईं और समाधान के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
