बीएसएनएल को दिए 30 अप्रैल तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश

टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या को लेकर जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कमजोर कनेक्टिविटी की समीक्षा करते हुए उन्होंने भारत संचार निगम लिमिटेड को निर्देश दिए कि चिन्हित क्षेत्रों में तकनीकी टीम भेजकर स्थलीय निरीक्षण किया जाए और 30 अप्रैल 2026 तक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। डीएम ने भिलंगना विकासखंड के कई गांवों में नेटवर्क समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि संचार सेवाएं आपदा प्रबंधन, शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी हैं। साथ ही नए मोबाइल टावरों के प्रस्ताव तैयार करने और सभी कंपनियों के बीच समन्वय स्थापित कर समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
