राजकीय विश्वविद्यालयों के 80 शिक्षक भारतीय विज्ञान संस्थान में लेंगे विशेष प्रशिक्षण

देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत राज्य के राजकीय विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के 80 चयनित शिक्षकों को देश के प्रतिष्ठित संस्थान भारतीय विज्ञान संस्थान (प्प्ैब) में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण 24 अप्रैल से 9 मई 2026 तक आयोजित होगा, जिसमें विज्ञान संवर्ग के शिक्षकों को आधुनिक शोध, प्रयोगात्मक दृष्टिकोण और प्रभावी शिक्षण विधियों की जानकारी दी जाएगी।
यह पहल मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन एवं ज्ञानवर्धन प्रशिक्षण योजना के तहत की जा रही है, जिसके अंतर्गत उच्च शिक्षा विभाग और प्प्ैब के बीच समझौता हुआ है। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को प्रशिक्षित कर संस्थानों में शोध एवं प्रयोग आधारित शिक्षा को बढ़ावा देना है। चयनित शिक्षकों में भौतिक विज्ञान के 16, रसायन विज्ञान के 19, गणित के 13, वनस्पति विज्ञान के 16 और जन्तु विज्ञान के 16 शिक्षक शामिल हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागी अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगे और विज्ञान शिक्षा के नए आयामों से परिचित होंगे। उच्च शिक्षा सचिव डॉ. रणजीत सिन्हा ने बताया कि इससे प्रदेश में विज्ञान शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा। वहीं, उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि प्रशिक्षित शिक्षक छात्रों में वैज्ञानिक सोच और जिज्ञासा को बढ़ावा देंगे।
