पालकोट एडवेंचर पार्क की भूमि का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

पौड़ी। गढ़वाल जनपद में पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय रोजगार सृजन के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने लैंसडाउन क्षेत्र के पालकोट में प्रस्तावित एडवेंचर पार्क की भूमि का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क के समग्र विकास की संभावनाओं का आकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि प्रस्तावित पार्क को आधुनिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें जिप लाइन, कैनोपी ब्रिज, स्काई साइकिल, बर्मा लूप और नेट टनल जैसी साहसिक गतिविधियां शामिल होंगी। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा नेट लगाने, शीघ्र 3-डी लेआउट तैयार करने तथा परियोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण देने को कहा। साथ ही पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस परियोजना से क्षेत्र में पर्यटन को नई पहचान और युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।
