स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान से जुड़े लंबित कार्य समय से करें पूरे


चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सेनानियों के सम्मान, स्मृतियों के संरक्षण और लंबित प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने स्मारकों, शिलापट्टों, सड़कों और अन्य परिसंपत्तियों से जुड़े लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। गोपेश्वर में प्रस्तावित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय के लिए शीघ्र डीपीआर तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही विद्यालयों और सरकारी परिसंपत्तियों के नामकरण संबंधी प्रस्ताव सक्षम समिति को भेजने, अस्पतालों में सेनानियों एवं उनके उत्तराधिकारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्रदर्शित करने तथा राष्ट्रीय पर्वों पर उन्हें सम्मानपूर्वक आमंत्रित करने के निर्देश दिए। बैठक में 15 अगस्त को कर्णप्रयाग कांड की स्मृति में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों पर आधारित पुस्तक ’’‘आजादी के गुमनाम नायक’’’ के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने की आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा

चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जिला आपदा परिचालन केंद्र का निरीक्षण कर मानसून के दौरान आपदा प्रबंधन, संचार व्यवस्था और राहत-बचाव तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी, 24 घंटे सतर्क रहने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने वर्षा और भूस्खलन से बंद मोटर मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र खोलने, सूचना मिलते ही मशीनरी मौके पर भेजने तथा प्रगति की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि कंट्रोल रूम से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है और हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!