धराली आपदा की पहली बरसी पर दिवंगतों को दी श्रद्धांजलि, किया पौधारोपण

उत्तरकाशी। धराली-हर्षिल क्षेत्र में आई भीषण प्राकृतिक आपदा की पहली बरसी पर बुधवार को धराली में श्रद्धांजलि एवं शांति पाठ का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने प्रभावित परिवारों और ग्रामीणों के साथ आपदा में दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनकी स्मृति में देवदार का पौधा रोपा। ग्रामवासियों ने भी दिवंगतों की याद में 101 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और पुनर्निर्माण का संकल्प दोहराया। इस दौरान सोमेश्वर देवता की पूजा-अर्चना कर दो मिनट का मौन रखा गया।
कार्यक्रम में कल्प केदार मंदिर समिति और ग्रामीणों ने मंदिर के जीर्णाेद्धार एवं सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव जिलाधिकारी को सौंपा। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन से आवश्यक स्वीकृति मिलने के बाद कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले ही मंदिर के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दे चुके हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि बीते एक वर्ष में राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने राहत कार्यों तक सीमित न रहकर पुनर्वास, आवासीय सहायता, आजीविका पुनर्स्थापन, पर्यटन, कृषि, बागवानी और आधारभूत सुविधाओं की बहाली पर समन्वित रूप से कार्य किया है। सड़क, बिजली, पेयजल और संचार सेवाओं को शीघ्र बहाल कर जनजीवन को सामान्य बनाने का प्रयास किया गया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से संवाद करते हुए कहा कि धराली की त्रासदी पूरे जनपद के लिए भावनात्मक और चुनौतीपूर्ण समय था, लेकिन सरकार ने प्रत्येक परिवार के साथ संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता से कार्य किया। भविष्य में ऐसी घटनाओं से बेहतर ढंग से निपटने के लिए नदी तट सुरक्षा, चौनलाइजेशन, सड़कों के सुदृढ़ीकरण और अन्य आपदा न्यूनीकरण कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि धराली को पहले से अधिक सुरक्षित, आत्मनिर्भर और विकसित बनाया जा सके।
