राज्य आंदोलनकारी चयन समिति की बैठक, 7 आवेदनों को मिली स्वीकृति

टिहरी गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राज्य आंदोलनकारी चयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुल 21 प्रकरणों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इनमें से 7 आवेदनों को समिति द्वारा अभिलेखों और पुष्टि के आधार पर राज्य आंदोलनकारी सूची में शामिल करने की स्वीकृति प्रदान की गई।
स्वीकृत नामों में सुरेन्द्र सिंह, कौशल्या देवी, स्व. बाचस्पति कुडियाल, विचित्र सिंह, लक्ष्मी डंगवाल, एकता डागवाल और हुकम सिंह कण्डारी शामिल हैं। वहीं कुछ प्रकरणों में अभिलेख स्पष्ट न होने के कारण निर्णय लंबित रखा गया। जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों की विस्तृत जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि सभी प्रकरणों की समीक्षा पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ की जाए, ताकि वास्तविक राज्य आंदोलनकारियों को उनका अधिकार मिल सके।
