22 अप्रैल को खुलेंगे बाबा केदारनाथ धाम के कपाट, 19 अप्रैल को ऊखीमठ से प्रस्थान करेगी डोली


चमोली। रुद्रप्रयाग जनपद में आस्था के केंद्र श्री केदारनाथ धाम के कपाट वर्ष 2026 की यात्रा हेतु 22 अप्रैल को प्रातः 08ः00 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने को लेकर क्षेत्र में व्यापक उत्साह है और प्रशासन द्वारा सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
भगवान केदारनाथ की चल-विग्रह डोली अपने शीतकालीन गद्दी स्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ से पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धाम के लिए प्रस्थान करेगी। 18 अप्रैल को मंदिर में भैरवनाथ पूजा संपन्न होगी। इसके बाद 19 अप्रैल को डोली ऊखीमठ से फाटा के लिए रवाना होगी। 20 अप्रैल को डोली फाटा से गौरीकुंड पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। 21 अप्रैल को डोली गौरीकुंड से प्रस्थान कर केदारनाथ धाम पहुंचेगी और मंदिर भंडार में स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हो जाएगी। 22 अप्रैल को शुभ मुहूर्त में कपाट खुलने के साथ ही केदारनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ होगा। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व पंजीकरण कराएं और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि यात्रा सुरक्षित, सुगम और अनुशासित रूप से संपन्न हो सके।

समीक्षा बैठक में एडीजी ने दिए सुरक्षा व व्यवस्थाओं के निर्देश

श्रीनगर। आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से श्रीनगर गढ़वाल में एडीजी प्रशासन ए.पी. अंशुमान ने समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और समग्र व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में बढ़ती श्रद्धालु संख्या, यातायात दबाव, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों, पार्किंग, रूट डायवर्जन और आपातकालीन व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों को यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, बैरिकेडिंग, साइन बोर्ड, सीसीटीवी निगरानी और कंट्रोल रूम की सक्रियता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही मेडिकल और रेस्क्यू टीमों के समन्वय, मौसम व मार्ग की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने और पुलिसकर्मियों को संवेदनशील व्यवहार अपनाने पर जोर दिया गया। श्रीनगर को मुख्य पड़ाव मानते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।


तैयारियां अंतिम चरण में, मार्ग पर रोशनी और सुविधाओं का विस्तार

रुद्रप्रयाग जनपद में 22 अप्रैल से शुरू होने वाली केदारनाथ धाम यात्रा 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। गौरीकुंड से केदारनाथ मंदिर तक पूरे पैदल मार्ग पर 600 स्ट्रीट लाइट और 200 सोलर लाइट स्थापित की गई हैं, जिससे रात्रि में भी सुरक्षित आवागमन संभव होगा। इसके साथ ही मार्ग पर स्पष्ट साइनेज और डायवर्जन बोर्ड लगाए गए हैं। प्रशासन का लक्ष्य इस वर्ष यात्रा को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालु हितैषी बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!