स्वास्थ्य शिविर में अब तक 65,971 शिवभक्तों का हुआ निशुल्क उपचार

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग ने कांवड़ पटरी मार्ग सहित 32 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर स्थापित किए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि मंगलवार को यात्रा के पांचवें दिन ’’18,019 शिवभक्तों’’ का निशुल्क उपचार किया गया, जबकि अब तक ’’65,971 कांवड़ियों’’ को चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा चुकी है। पहली बार यात्रा में ’’चार मेडिकल मोबाइल यूनिट’’ भी शामिल की गई हैं, जो जरूरतमंद श्रद्धालुओं तक मौके पर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा रही हैं। मुख्यमंत्री ’’पुष्कर सिंह धामी’’ ने अलकनंदा होटल के समीप मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता हैं। स्वास्थ्य विभाग ने यात्रियों से पर्याप्त पानी पीने, समय-समय पर विश्राम करने और अस्वस्थ होने पर निकटतम स्वास्थ्य शिविर में तत्काल उपचार लेने की अपील की है।
