खाद्य सुरक्षा विभाग ने नष्ट कराई दो क्विंटल एक्सपायरी खाद्य सामग्री

हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के दौरान खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने लक्सर में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग दो क्विंटल एक्सपायरी खाद्य पदार्थ जब्त कर मौके पर ही नष्ट करा दिए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में टीम ने बसेड़ी स्थित एक प्रतिष्ठान से नूडल्स, सॉस, खाद्य तेल, स्नैक्स, पानी की बोतलें, कोल्ड ड्रिंक, बेसन, चायपत्ती और सोयाबड़ी सहित बड़ी मात्रा में एक्सपायरी खाद्य सामग्री बरामद की। संबंधित कारोबारी का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर न्यायालय में वाद दायर करने की संस्तुति की गई है। वहीं रानीपुर मोड़ से ज्वालापुर के बीच 74 खाद्य नमूनों की जांच में 9 अधोमानक पाए गए, जिन्हें मौके पर नष्ट कराया गया। तीन कारोबारियों को नोटिस भी जारी किए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेला समाप्त होने तक खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!