दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा कार्य और साइनेज लगाने के निर्देश

चमोली। जनपद में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में हालिया सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को ऐसे स्थानों पर अनिवार्य रूप से साइनेज लगाने को कहा, ताकि वाहन चालक समय रहते सतर्क हो सकें।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, एनएच, एनएचआईडीसीएल और बीआरओ को भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों और ब्लैक स्पॉट्स पर जल्द सुरक्षा कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। अंधे मोड़ों पर ट्रैफिक सेफ्टी मिरर तथा आबादी वाले क्षेत्रों में स्पीड ब्रेकर बनाने पर भी जोर दिया गया। चारधाम यात्रा को देखते हुए वैकल्पिक मार्गों के सुधार और संयुक्त निरीक्षण के भी निर्देश दिए गए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
