विद्यार्थियों को दी पॉक्सो एक्ट और हेल्पलाइन की जानकारी

पौड़ी। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से विकासखंड यमकेश्वर के राजकीय इंटर कॉलेज दिउली में मिशन शक्ति के तहत एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा, अधिकारों और अपराध की स्थिति में उपलब्ध सहायता तंत्र की जानकारी दी गई। मिशन शक्ति वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका लक्ष्मी रावत ने पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों के साथ चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला हेल्पलाइन 181 की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में घबराने के बजाय शिकायत दर्ज कराने और उपलब्ध कानूनी सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला में शिकायत प्रक्रिया और सुरक्षा उपायों पर भी जानकारी दी गई। प्रधानाचार्य डॉ. नंद किशोर गौड़ सहित शिक्षक मौजूद रहे।
