मुख्यमंत्री ने सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर की पूजा-अर्चना
देहरादून/खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा के ग्राम 22 पुल, खिलड़िया स्थित छठ घाट पर छठ महापर्व के अवसर पर भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने छठी मैया एवं भगवान सूर्यदेव से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छठ घाट पर बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं से भेंट कर उन्हें छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति, अटूट आस्था, पवित्र परंपराओं और सामाजिक समरसता का अनुपम संगम है। भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया की उपासना का यह पावन पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, कृतज्ञता, संयम, सेवा और सामूहिक सद्भाव का संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति की उन महान परंपराओं में से एक है, जो हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने तथा पारिवारिक एवं सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ ही समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं।

मुनिकीरेती में छठ पूजा पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
टिहरी। छठ पूजा के अवसर पर मुनिकीरेती क्षेत्र के भरत घाट, स्वामी नारायण घाट और स्वामी दयानंद घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां गंगा के तट पर पूजा-अर्चना कर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस, जल पुलिस और फ्लड कंपनी के जवान प्रमुख घाटों पर तैनात रहे। पुलिसकर्मियों ने गंगा के गहरे पानी में न जाने और सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान एवं पूजा करने की अपील की। घाटों पर लगातार निगरानी रखी गई, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
