कौशल और प्रतिभा के दम पर उत्तराखण्ड के युवा वैश्विक स्तर पर बना रहे हैं पहचान: मुख्यमंत्री
देेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को आईआरडीटी सभागार, देहरादून में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग द्वारा आयोजित युवा कौशल महोत्सव-2026 में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2025-26 के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने सहसपुर स्थित स्किल हब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार हासिल करने वाले 35 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। साथ ही अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा-2026 के 32 राजकीय आईटीआई टॉपर्स को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने आईटीआई में राज्य स्तरीय प्रवेश प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं आधुनिक बनाने के उद्देश्य से विभागीय पोर्टल विकसित करने में सराहनीय योगदान देने वाले विभागीय अधिकारियों एवं कार्मिकों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि आज का आयोजन प्रदेश के युवाओं की मेहनत, प्रतिभा, कौशल और सामर्थ्य के सम्मान का अवसर है। उत्तराखण्ड के युवाओं ने अपनी प्रतिभा के बल पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की विशिष्ट पहचान स्थापित की है। यदि युवाओं को उचित प्रशिक्षण, अवसर और बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाए तो वे विश्व के किसी भी प्रतिस्पर्धात्मक मंच पर अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि चीन के शंघाई में सितंबर 2026 में आयोजित 48वीं वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 सिल्वर मेडल और 20 मेडलियन्स फॉर एक्सीलेंस हासिल किए तथा प्रतियोगिता में 10वां स्थान प्राप्त किया। यह वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इस उपलब्धि में उत्तराखण्ड के दो प्रतिभाशाली युवाओं सानिया जोशी और पार्थ बोहरा का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। सानिया जोशी ने रिटेल सेल्स तथा पार्थ बोहरा ने इंडस्ट्रियल डिजाइन टेक्नोलॉजी में सिल्वर मेडल जीतकर देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने दोनों प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रदेश के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री खजान दास, सचिव सी. रविशंकर, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, विभिन्न संस्थानों के प्रशिक्षक, सम्मानित प्रतिभागी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
