हरिद्वारः जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल की अध्यक्षता में राजस्व एवं अन्य कार्यों से संबंधित समीक्षा बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दीपेन्द्र सिंह नेगी ने जिलाधिकारी को राजस्व कार्यों आदि के सम्बन्ध में विस्तार से जानकारी दी।

राजस्व से सम्बन्धित प्रकरण निस्तारण के दिए निर्देश…..
शुक्रवार को बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने एसडीएम कोर्ट, तहसीलदार कोर्ट आदि में राजस्व से सम्बन्धित कितने प्रकरण लम्बित और निस्तारण किया गया है। साथ ही कौन से केस कितने समय से लम्बित हैं। इस सम्बन्ध में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लम्बित प्रकरणों को देखते हुये यह प्रतीत हो रहा है कि आप लोग कोर्ट को समय कम दे रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिये कि जिस भी कोर्ट में जो भी प्रकरण लम्बित हैं,उनका निस्तारण शीघ्र किया जाएं। उन्होंने कहा आम जनता बड़ी आशा से अपने प्रकरणों को लेकर आती है। इसलिये रूटीन के काम नियमित रूप से होने चाहिये। जो भी आवश्यक बैठकें आदि कार्य हो उन्हें अपराहन 3.00 बजे के बाद किया जाएं। लोगों के हित का पूरा ध्यान रखा जाये।

चकबंदी अधिकारियों को दिए ये निर्देश…..
धीराज सिंह गर्ब्याल ने बैठक के दौरान चकबन्दी के कार्यों की प्रगति के सम्बन्ध में जानकरी ली तो चकबन्दी से जुड़े हुये कुछ अधिकारियों के अनुपस्थित पाये जाने पर उन्होंने नाराजगी प्रकट की तथा ऐसे अधिकारियों का स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिये। उन्होने ये भी निर्देश दिये कि चकबन्दी से सम्बन्धित प्रकरणों आदि के निष्पादन के सम्बन्ध में चकबन्दी की एक अलग से बैठक आयोजित की जाये। उन्होंने बैठक में धारा-09, 12, 21, 42 में चल रहे प्रकरणों के सम्बन्ध में भी अधिकारियों से जानकारी ली।

वसूली की कार्रवाई में तेजी…..
जिलाधिकारी ने बैठक में वसूली का जिक्र करते हुये अधिकारियों से बकायेदार के सम्बन्ध में पूरी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिये कि जो बड़े 10 बकायेदार हैं, उनका पूरा विवरण एक डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से प्रदर्शित किया जाये। साथ ही उस विवरण को समाचार पत्रों आदि में भी प्रकाशित कराया जाये। उन्होंने कहा कि वसूली पर विशेष ध्यान दिया जाये तथा इस मामले में कत्तई ढिलाई न बरती जाये एवं वसूली की जो भी कार्रवाई करनी है, वह तेजी गति से की जाये।

खतौनी संबंधित जानकारी….
जिलाधिकारी द्वारा वार्षिक खतौनी के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली तो सन्तोषजनक उत्तर न मिलने पर उन्होंने निर्देश दिये कि रोस्टर बनाकर 15 दिन के भीतर खतौनी तैयार की जायें तथा जब तक खतौनी बन नहीं जाती है, तब तक लेखपालों का वेतन आहरण न किया जाये।

इन मामलों को लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश…
बैठक में गुण्डा ऐक्ट, सीनियर सिटीजन के प्रकरण, भरण-पोषण के मामले, शत्रु सम्पत्ति, आडिट आपत्ति, भगवानपुर में तहसील भवन का निर्माण, विभागीय कार्रवाई, पदोन्नति, पेंशन, सेवा का अधिकार, मजिस्ट्रियल जांच, ई-आफिस के माध्यम से कार्य संचालित करने आदि की भी विस्तार से समीक्षा की तथा इस सम्बन्ध में अधिकारियों को दिशा-निदेश दिये।

ये अधिकारी रहे मौजूद…..
इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट प्रेमलाल, डिप्टी कलक्टर मनीष सिंह,एसडीएम सदर अजय बीर सिंह, एसडीएम भगवानपुर जितेन्द्र कुमार, एसडीएम लक्सर गोपाल सिंह, एएसडीएम रूड़की विजयनाथ शुक्ल, जिला खनन अधिकारी प्रदीप कुमार, तहसीलदार रूड़की दयाराम, हरिद्वार रेखा आर्य, लक्सर प्रताप सिंह चौहान, सब रजिस्ट्रार लक्सर प्रमिला, रूड़की चारू अग्रवाल, चकबन्दी अधिकार अनिल कुमार, आरए श्रीनारायण शरण तिवारी, पेशकार नवल किशोर शर्मा सहित सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!