रिवर्स पलायन कर सोहन सिंह ने खड़ा किया बेकरी कारोबार, 12 लोगों को दे रहे रोजगार

रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। रिवर्स पलायन कर अपने गांव लौटे अगस्त्यमुनि विकासखंड के पाटा गांव निवासी सोहन सिंह बिष्ट स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर रहे हैं। पंजाब में नौकरी करने के बाद उन्होंने रुद्रप्रयाग में बेकरी इकाई स्थापित की। आज उनका व्यवसाय न केवल उनकी आजीविका का मजबूत आधार बना है, बल्कि 10 से 12 लोगों को रोजगार भी उपलब्ध करा रहा है।
आरसेटी से लिया प्रशिक्षण
बेकरी व्यवसाय शुरू करने से पहले सोहन सिंह ने ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) से बेकरी उत्पाद निर्माण का प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके बाद प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 8.50 लाख रुपये का ऋण लेकर अपनी इकाई स्थापित की। इसमें उन्हें 35 प्रतिशत सब्सिडी का लाभ मिला। प्रशिक्षण, सरकारी सहायता और अपनी मेहनत के दम पर उन्होंने कारोबार को आगे बढ़ाया। बन, बिस्कुट, पेटीज, केक, ब्रेड और नमकीन जैसे उत्पाद तैयार करने वाली उनकी इकाई के उत्पाद रुद्रप्रयाग के साथ अन्य जनपदों में भी आपूर्ति किए जा रहे हैं। सोहन सिंह इस व्यवसाय से प्रतिवर्ष लगभग 8 से 10 लाख रुपये का लाभ अर्जित कर रहे हैं। उनकी सफलता स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का उदाहरण है। पंजाब में नौकरी से शुरुआत कर अपने गृह जनपद में सफल उद्यम स्थापित करने तक का उनका सफर युवाओं को अपने क्षेत्र में रहकर स्वरोजगार अपनाने और पलायन रोकने की प्रेरणा दे रहा है।
