महिला से मारपीट और मोबाइल लूटने का आरोपी गिरफ्तार

पौड़ी। पौड़ी पुलिस ने घर में घुसकर महिला से मारपीट करने और मोबाइल फोन लूटने के आरोपी को गिरफ्तार कर लूटा गया मोबाइल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर को यमकेश्वर निवासी लक्ष्मी देवी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि रात में सोनू नाम बताकर आए युवक ने उनके साथ मारपीट और धमकी देकर वीवो मोबाइल लूट लिया। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। एसएसपी सर्वेश पंवार के निर्देश पर गठित टीम ने आरोपी हितेंद्र सिंह नेगी (24), निवासी ग्राम ठागर, यमकेश्वर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मामले में संबंधित धाराएं बढ़ाई हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध यमकेश्वर थाने में पहले भी चोरी और अन्य संबंधित अपराधों के दो मामले दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अमित सैनी, कांस्टेबल संजीव कुमार और धर्मेंद्र कुमार शामिल रहे।
