शिक्षा अधिकारियों को नवाचार और सकारात्मक दृष्टिकोण से कार्य करने के निर्देश

पौड़ी। शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली प्रभावी बनाने और शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक एवं अभिमुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें गढ़वाल मंडल के उप शिक्षाधिकारियों और नवनियुक्त अधिकारियों को विभागीय योजनाओं, दायित्वों और नवीन व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।
अपर निदेशक गढ़वाल मंडल प्रमेंद्र सिंह बिष्ट ने अधिकारियों से सकारात्मक दृष्टिकोण और नवाचार के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित समीक्षा और आपसी समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यशाला में वित्तीय प्रबंधन, एसएनए स्पर्श प्रणाली, आईएमएमएस पोर्टल, निपुण भारत मिशन, पीएम पोषण योजना और समग्र शिक्षा सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। छात्रवृत्ति, पाठ्य पुस्तक वितरण, विद्यालयों के निरीक्षण, डिजिटल पोर्टल पर सूचनाओं के अद्यतन और विद्यार्थियों के नामांकन में वृद्धि पर भी चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने अधिकारियों को शैक्षिक सूचकांकों में सुधार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण विकसित करने के लिए आवश्यक जानकारी दी। कार्यशाला में डायट प्राचार्य स्वराज तोमर, जिला शिक्षा अधिकारी अंशुल बिष्ट सहित विभिन्न अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
