जिला योजना के कार्य समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ पूरे करें: सीडीओ

पौड़ी। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला योजना एवं बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरे करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सीडीओ ने जिला योजना की प्रथम किश्त के तहत स्वीकृत कार्य शीघ्र पूरे कर दूसरी किश्त की मांग समय पर प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने धरातल पर पूर्ण हो चुके कार्यों का प्राथमिकता से भुगतान सुनिश्चित करने और शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। लोक निर्माण, पेयजल निगम, सिंचाई, कृषि और संस्कृति सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने आपसी समन्वय और नियमित निगरानी पर जोर दिया। बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान विभागों को निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा कर प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए। सीडीओ ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुंचाने के लिए धनराशि का सदुपयोग और कार्यों का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन आवश्यक है। बैठक में परियोजना निदेशक विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
