गीत-नाट्य के माध्यम से दी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी

रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला सूचना विभाग की ओर से विभिन्न ग्राम पंचायतों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सूचना विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दल बच्छणस्यूं मंडाण ग्रुप ने गीत-नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कलाकारों ने लोकगीत और नाट्य के जरिए योजनाओं के लाभ, पात्रता एवं उद्देश्यों को सरल एवं रोचक तरीके से समझाया। साथ ही ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया और प्रचार सामग्री वितरित की गई। जिला सूचना अधिकारी कृपाल लाल टमटा ने बताया कि अभियान के तहत पूरे माह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। लोक कला एवं गीत-नाट्य के माध्यम से योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा रही है।
