दूरस्थ क्षेत्रों को मिले 24 नए उप शिक्षा अधिकारी, शेष अधिकारियों को भी जल्द मिलेगा कार्यभार


देहरादून। विद्यालयी शिक्षा विभाग को 24 नए उप शिक्षा अधिकारी मिले हैं। राज्य लोक सेवा आयोग से चयनित इन अधिकारियों को प्रथम चरण में प्रदेश के दूरस्थ विकासखंडों में तैनाती दी गई है। अधिकारियों की नियुक्ति से दूरस्थ क्षेत्रों की शिक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ विभागीय एवं प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।
विभाग के अनुसार आयोग के माध्यम से कुल 48 उप शिक्षा अधिकारियों का चयन हुआ है, जो वर्तमान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रथम चरण में 24 अधिकारियों को तैनाती दी गई है। पौड़ी जिले में द्वारीखाल, बीरोंखाल, जयहारीखाल, पाबौं, खिर्सू, यमकेश्वर, थलीसैण, एकेश्वर और कल्जीखाल विकासखंड में अधिकारियों की नियुक्ति हुई है। इसी प्रकार नैनीताल के ओखलकांडा व रामगढ़, अल्मोड़ा के सल्ट, लमगड़ा व भिकियासैंण, चमोली के नंदानगर व नारायणबगड़, टिहरी के देवप्रयाग, जाखणीधार, प्रतापनगर व थौलधार, पिथौरागढ़ के कनालीछीना, मूनाकोट व मुनस्यारी तथा उत्तरकाशी के पुरोला में तैनाती दी गई है। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि शेष प्रशिक्षणरत अधिकारियों को भी जल्द तैनाती दी जाएगी। इससे शिक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों में सुधार होगा तथा विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर करने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!