डीएम ने बढ़ाया सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी में खिलाड़ियों का उत्साह

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने राइफलमैन शहीद जसवंत सिंह स्टेडियम, रांसी पहुंचकर सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से संवाद कर उनकी तैयारियों और अनुभवों की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने पिट्ठू खेल प्रतियोगिता का टॉस कर शुभारंभ किया और स्वयं खिलाड़ियों के साथ पिट्ठू खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने अंडर-19 वर्ग की 100 मीटर दौड़ के फाइनल और अंडर-14 खो-खो सेमीफाइनल का भी शुभारंभ कराया। लंबी कूद सहित अन्य प्रतियोगिताओं का अवलोकन करते हुए उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान 3000 मीटर दौड़ के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
