स्वतंत्रता दिवस की समयबद्ध व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश

रुद्रप्रयाग। स्वतंत्रता दिवस-2026 को गरिमापूर्ण एवं भव्य रूप से मनाने को लेकर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला सभागार में अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने विभागवार जिम्मेदारियां तय करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। 15 अगस्त को सुबह 7 बजे प्रभात फेरी, 9 बजे सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण तथा 9ः30 बजे जिला मुख्यालय में मुख्य समारोह आयोजित होगा, जिसमें प्रभारी मंत्री गणेश जोशी मुख्य अतिथि होंगे। समारोह में वृक्षारोपण, खेल गतिविधियां, मैराथन, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताएं तथा भारत विभाजन पर लघु फिल्म का प्रदर्शन भी होगा।
समय से पूरी करें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां
टिहरी। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। 12 अगस्त को विशेष स्वच्छता अभियान, 13 अगस्त को डाइजर से बौराड़ी तक तिरंगा रैली तथा 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस आयोजित किया जाएगा। उन्होंने रैली के दौरान यातायात, सुरक्षा, एंबुलेंस एवं मेडिकल टीम की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। 14 एवं 15 अगस्त को सरकारी एवं गैर-सरकारी भवनों को एलईडी लाइटों से सजाने के निर्देश दिए गए।
