मसूरी में मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण, अनियमितताओं पर दवा बिक्री रोकी

देहरादून। आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘सेफ ड्रग्स-सेफ लाइफ’ अभियान के तहत मंगलवार को मसूरी के मेडिकल स्टोरों का संयुक्त औचक निरीक्षण किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी के नेतृत्व में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक मानेन्द्र सिंह राणा एवं औषधि निरीक्षक विनोद जुगलान की टीम ने दवाओं के रखरखाव, लाइसेंस, फार्मासिस्ट की उपलब्धता, एक्सपायर दवाओं, नारकोटिक्स दवाओं के रिकॉर्ड, फ्रिज एवं सीसीटीवी व्यवस्था की जांच की।
निरीक्षण के दौरान ’’हैमर्स मेडिकोज’’ में फार्मासिस्ट अनुपस्थित, एक्सपायर दवाएं अन्य दवाओं के साथ रखी तथा सीसीटीवी व्यवस्था नहीं मिली। गंभीर अनियमितताओं पर दवा बिक्री रोककर नोटिस जारी किया गया। ’’पायनियर मेडिकल स्टोर’’ में एक्सपायर दवाओं के रखरखाव और फ्रिज के तापमान प्रदर्शन में कमी मिली, जिस पर आवश्यक निर्देश दिए गए। ’’अग्रवाल मेडिकोज’’ में फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में दवा बिक्री, निर्धारित तापमान से बाहर वैक्सीन और एक्सपायर दवाएं मिलने पर स्टोर बंद कर दवा बिक्री रोक दी गई। ’’ऑप्टिशियन मेडिकल स्टोर’’ में फार्मासिस्ट अनुपस्थित, एक्सपायर दवाओं का अव्यवस्थित रखरखाव और खराब फ्रिज मिलने पर कार्रवाई की गई।
वहीं ’’ए. जेम्स एंड कंपनी मेडिकल स्टोर’’ का लाइसेंस समाप्त मिला तथा अभिलेखों में भी अनियमितताएं पाई गईं। टीम ने मानक पूरे होने तक दवा बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दवाओं की गुणवत्ता और सुरक्षित वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
