मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना की विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता संपन्न


उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो/भुवन बिष्ट।
रानीखेत। मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना-2026 के तहत विकासखंड ताड़ीखेत की विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता 10 एवं 11 अगस्त को श्रद्धानंद मैदान मिनी स्टेडियम ताड़ीखेत में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता बालक एवं बालिका वर्ग में 14-17, 17-19, 19-21 तथा 21-23 वर्ष के चार आयु वर्गों में विभिन्न खेल विधाओं में आयोजित हुई। 10 अगस्त को पंजीकरण एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं, जबकि 11 अगस्त को प्रतियोगितात्मक एवं चयन प्रक्रिया संपन्न हुई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। ब्लॉक क्रीड़ा समन्वयक डॉ. शिवराज सिंह के निर्देशन में प्रतियोगिता का सफल संचालन हुआ। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया। प्रतियोगिता में निर्णायकों एवं शिक्षकों ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। चयनित खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!