तमक नाले में ह्यूम पाइप डालकर अस्थाई मोटर मार्ग तैयार, वाहनों की आवाजाही हुई सुचारु


देहरादून/चमोली। नीती घाटी में भारी बारिश के कारण तमक नाला उफान पर आने से वैली ब्रिज बहने के बाद बाधित हुई वाहनों की आवाजाही को जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के त्वरित प्रयासों से सुचारु कर दिया गया है।
तमक नाले में ह्यूम पाइप डालकर अस्थाई मोटर मार्ग तैयार किया गया, जिसके बाद इस मार्ग से वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। मार्ग बहाली के लिए प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीमें मौके पर लगातार जुटी रहीं और युद्धस्तर पर कार्य करते हुए यातायात व्यवस्था को बहाल किया गया। तमक नाले में वैली ब्रिज बहने की घटना के बाद लापता एक व्यक्ति की तलाश में आज दूसरे दिन भी रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। लापता व्यक्ति की तलाश के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ एवं सीमा सड़क संगठन की टीमें संयुक्त रूप से सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। प्रभावित क्षेत्र के आसपास नदी तट एवं संभावित स्थानों पर गहनता से तलाश की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा मौके की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मौसम एवं तमक नाले के जलस्तर को देखते हुए सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मौके पर तैनात टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि अस्थाई मार्ग से आवागमन के दौरान विशेष सावधानी बरतें तथा मौके पर तैनात प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीमों द्वारा दिए जा रहे सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।


तमक नाला हादसे में लापता व्यक्ति की तलाश जारी

चमोली। ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमक नाला में अत्यधिक जलप्रवाह के कारण वैली ब्रिज बहने की घटना के बाद लापता व्यक्ति की तलाश दूसरे दिन भी जारी रही। चमोली पुलिस, जिला प्रशासन, भारतीय सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ एवं बीआरओ की संयुक्त टीमें लगातार सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। टीमों द्वारा प्रभावित क्षेत्र, नदी तट और आसपास के संभावित स्थानों पर गहन तलाशी की जा रही है। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ अभियान में जुटी हैं। लापता व्यक्ति की तलाश में संभावित स्थानों पर लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!