2 करोड़ 19 लाख 70 हजार से अधिक शिवभक्त अब तक लौटे चुके हैं सकुशल


देहरादून/हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व एवं राज्य सरकार की प्रभावी व्यवस्थाओं के कारण उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा पूरी तरह व्यवस्थित, सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित हो रही है।
राज्य सरकार द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता तथा कानून-व्यवस्था के लिए किए गए व्यापक प्रबंधों का सकारात्मक परिणाम यह है कि अब तक 2 करोड़ 19 लाख 70 हजार से अधिक शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर सकुशल प्रस्थान कर चुके हैं। वहीं 06 अगस्त 2026 को सायं 6 बजे तक एक ही दिन में 39 लाख 15 हजार कांवड़ यात्री गंगाजल लेकर लौटे।
प्रदेशभर में कांवड़ यात्रियों के लिए निर्बाध यातायात, सुरक्षा, चिकित्सा सहायता, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की प्रभावी व्यवस्था की गई है। यही कारण है कि लाखों शिवभक्त शांतिपूर्ण, सुरक्षित और तेज़ी से अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं तथा राज्य सरकार की व्यवस्थाओं की खुले मन से सराहना कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, अनुशासन और सेवा का महापर्व है। उन्होंने सभी कांवड़ यात्रियों, शिवभक्तों, स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवी संगठनों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से यात्रा को सकुशल और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की है।


भारी बारिश के बीच डीएम-एसएसपी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान हो रही भारी वर्षा के बीच जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने गुरुवार को नारसन बॉर्डर पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, चेक पोस्ट, ट्रैफिक डायवर्जन, सेवा शिविरों और भंडारों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करने, निर्धारित मार्गों का उपयोग करने और यातायात नियमों का अनुपालन करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान स्पष्ट किया गया कि शासन द्वारा निर्धारित 10 फीट चौड़ाई और 12 फीट ऊंचाई से अधिक आकार की कांवड़ तथा मानकों के विपरीत डीजे को जनपद में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।


कांवड़ मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

देहरादून। कांवड़ मेले को सुरक्षित और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए दून पुलिस लगातार सतर्क है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बम डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीएस) ने ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट, आरती परिसर, आस्था पथ, बस अड्डा, रेलवे स्टेशन, ट्रांजिट कैंप और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दुकानों, बसों और सार्वजनिक स्थलों की गहन जांच की गई।


एसपी ने लिया कांवड़ मेला व्यवस्थाओं का लिया जायजा

देहरादून। पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश ने गुरुवार को कांवड़ मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पाली तिराहा, आईडीपीएल पार्किंग, नटराज चौक, विस्थापित पार्किंग और गंगा घाटों का भ्रमण कर ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों को आवश्यक निर्देश दिए। एसपी ऋषिकेश ने कहा कि कांवड़ यात्रा पूर्व निर्धारित रूट पर ही संचालित कराई जाए तथा श्रद्धालुओं के वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराया जाए।


कांवड़ यात्रा के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने साधुबेला, भूपतवाला और बैरागी कैंप क्षेत्र में स्थित ढाबों, रेस्टोरेंटों व अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। सहायक आयुक्त महिमानन्द जोशी के नेतृत्व में चले अभियान के दौरान क्रीम, कढ़ी-पकौड़ा, बेसन और स्ट्रिंग एनर्जी ड्रिंक सहित चार खाद्य नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।

कांवड़ यात्रा में स्वास्थ्य विभाग की तत्पर सेवा

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान शिवभक्तों को त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा कांवड़ पटरी मार्ग सहित 32 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर संचालित किए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि आठवें दिन विभिन्न शिविरों में 20,850 शिवभक्तों का निशुल्क उपचार किया गया। इसके साथ ही अब तक 1,08,417 श्रद्धालु स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा चुके हैं।


कांवड़ियों की सेवा सबसे बड़ा पुण्य

हरिद्वार। भारतीय किसान यूनियन सर्व द्वारा कांवड़ यात्रियों के लिए नहर पटरी मार्ग पर लगाए गए निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवा वितरण शिविर में लक्सर नगर पालिका अध्यक्ष संजीव चौधरी ने पहुंचकर कांवड़ियों को दवाइयों के साथ फल वितरित किए। संगठन पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर संजीव चौधरी ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि कई श्रद्धालु नंगे पैर लंबी दूरी तय करते हैं, जिससे उन्हें शारीरिक तकलीफ होती है। इस दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनिल शर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री सत्यनारायण शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, रेनू चौहान आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!