स्वच्छता में लापरवाही पर निर्माण एजेंसी पर लगाया 50 हजार का जुर्माना

श्रीनगर गढ़वाल। नगर निगम श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी ने स्वच्छता नियमों की अनदेखी करने पर श्रीकोट गंगानाली स्थित मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य से जुड़ी एजेंसी के ठेकेदार पर ’’50 हजार रुपये का जुर्माना’’ लगाया है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर निरीक्षण में निर्माण सामग्री से नाली अवरुद्ध तथा आसपास गंदगी फैली मिली, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
महापौर ने कहा कि संबंधित एजेंसी को कई बार सफाई और नालियां साफ कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन पालन नहीं किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही उन्होंने नागरिकों से स्वच्छ श्रीनगर अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की।
तिरंगा थीम पर आयोजित होगा स्वतंत्रता दिवस
श्रीनगर गढ़वाल। नगर निगम श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी ने 15 अगस्त को गोला बाजार में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष समारोह ’’तिरंगा थीम’’ पर आधारित होगा तथा विद्यालयों की परेड, झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे। महापौर ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए पेयजल, जलपान और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महिला स्वयं सहायता समूहों को ने संभाली यूजर चार्ज संग्रहण की जिम्मेदारी
श्रीनगर गढ़वाल। नगर निगम श्रीनगर ने महापौर आरती भंडारी की पहल पर महिला स्वयं सहायता समूहों को डोर-टू-डोर यूजर चार्ज संग्रहण की जिम्मेदारी सौंपी है। नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पंजीकृत समूहों की महिलाओं को कार्यादेश वितरित किए गए। इस पहल से महिलाओं को रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता का अवसर मिलेगा, वहीं नगर निगम की राजस्व व स्वच्छता व्यवस्था भी मजबूत होगी।
महापौर आरती भंडारी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए उन्हें जिम्मेदारी और अवसर देना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि स्वयं सहायता समूह पारदर्शिता और ईमानदारी से कार्य करते हुए जनभागीदारी को बढ़ावा देंगे। कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारी, पार्षद एवं विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं उपस्थित रहीं।
