बेस अस्पताल श्रीनगर में चार घंटे चली जटिल न्यूरो सर्जरी

श्रीनगर गढ़वाल। केदारनाथ यात्रा के दौरान सिर पर पत्थर गिरने से गंभीर रूप से घायल दिल्ली निवासी 18 वर्षीय युवक का हेमवती नंदन बहुगुणा बेस अस्पताल, श्रीनगर में चार घंटे तक चली जटिल न्यूरो सर्जरी के माध्यम से सफल ऑपरेशन किया गया। न्यूरोसर्जन डॉ. प्रभात पुरोहित और प्रो. डॉ. देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में सिर में धंसी हड्डी निकालकर सर्जरी की गई। ऑपरेशन के बाद मरीज को वेंटिलेटर सपोर्ट पर आईसीयू में रखा गया है, जहां उसकी विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि बेस अस्पताल अब गंभीर मस्तिष्क चोटों के उपचार के लिए गढ़वाल क्षेत्र का महत्वपूर्ण न्यूरो सर्जरी केंद्र बनकर उभर रहा है।
